राज्य
09-Jun-2026
...


:: वर्षा ऋतु से पहले निगम ने अवरोध हटाकर तालाब को किया रिचार्ज के लिए तैयार :: इंदौर (ईएमएस)। शहर को जल संकट से मुक्त करने और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए नगर निगम ने अपना ऑपरेशन सफाई तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को निगम के अमले ने मायाखेड़ी तालाब की फीडर चैनल (जल मार्ग) पर बरसों से जमे अतिक्रमण को ध्वस्त कर प्राकृतिक जल प्रवाह का रास्ता साफ कर दिया। आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब तालाब में वर्षा का पानी बिना किसी रुकावट के पहुंच सकेगा। :: तालाब की बढ़ेगी जल संग्रहण क्षमता :: अतिक्रमण के चलते तालाब तक पहुंचने वाला पानी का नैसर्गिक मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया था, जिससे हर साल तालाब अपनी क्षमता से काफी कम भर पाता था। निगम के रिमुव्हल दस्ते ने मौके पर पहुंचकर चैनल में डाले गए अवैध पाइप, ईंट-पत्थर और अन्य अवरोधक सामग्री को मशीनों की मदद से बाहर निकाला। अधिकारियों का कहना है कि चैनल साफ होने से आगामी मानसून में तालाब में पानी का निर्बाध आवक सुनिश्चित होगी, जिससे आसपास के क्षेत्र का भूजल स्तर (ग्राउंड वॉटर लेवल) भी बढ़ेगा। :: नागरिकों से सहयोग की अपील :: नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर के सभी तालाबों की फीडर लाइनों और चैनलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान अनवरत जारी रहेगा। निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे जल मार्गों और तालाबों की पाल पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न करें। जल संरक्षण के इस महाभियान में नागरिकों की सहभागिता ही शहर को वॉटर सरप्लस बनाने में मददगार साबित होगी। भविष्य में जल स्रोतों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ निगम अब सीधे सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा। प्रकाश/09 जून 2026