* राज्य सरकार का महत्वपूर्ण फैसला; हजारों ज्ञान सहायकों की सेवाएं रहेंगी जारी, स्कूलों में शिक्षण कार्य नहीं होगा प्रभावित अहमदाबाद (ईएमएस)| राज्य की माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत ज्ञान सहायकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान सेवा दे रहे सभी ज्ञान सहायकों के अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के नवीनीकरण को मंजूरी प्रदान कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के अनेक विद्यालयों में शिक्षकों की आवश्यकता अभी भी बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने वर्तमान में कार्यरत ज्ञान सहायकों की सेवाएं जारी रखने का निर्णय लिया है। इस फैसले से हजारों ज्ञान सहायकों को रोजगार की निरंतरता मिलेगी, वहीं विद्यालयों में शिक्षण कार्य भी सुचारू रूप से चलता रहेगा। शिक्षा विभाग के पूर्व निर्धारित नियमों के अनुसार ज्ञान सहायकों का अनुबंध अधिकतम 11 महीने की अवधि के लिए होता है। इसी व्यवस्था के तहत आगामी शैक्षणिक वर्ष के लिए भी अनुबंधों का नवीनीकरण किया जाएगा। इस संबंध में शिक्षा आयुक्त ने राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र ज्ञान सहायकों के अनुबंध समय पर नवीनीकृत करने के निर्देश जारी किए हैं। गौरतलब है कि शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान ज्ञान सहायक के रूप में कार्यरत उम्मीदवारों को ही इस अनुबंध नवीनीकरण का लाभ मिलेगा। सरकार के इस निर्णय का ज्ञान सहायकों ने स्वागत किया है और इसे राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है। सतीश/09 जून