* वाराही हाईवे पर हुआ भीषण हादसा, बाइक के उड़ गए परखच्चे; बास्पा गांव में शोक की लहर, पुलिस जांच शुरू पाटण (ईएमएस)| जिले के वाराही क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और भयावह सड़क हादसे की खबर सामने आई है। वाराही हाईवे पर चल रहे एक टैंकर के पीछे मोटरसाइकिल के जोरदार टकरा जाने से हुए भीषण हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दंपति पाटन जिले के सांतलपुर में अपना निजी कार्य पूरा कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान वाराही के निकट उनकी बाइक अचानक चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे से गुजर रहे वाहन चालक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस दुखद दुर्घटना में मृतकों की पहचान बास्पा गांव निवासी भरत कुंभाभाई और उनकी पत्नी मितल कुंभाभाई के रूप में हुई है। दंपति की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक साथ पति-पत्नी के असामयिक निधन से पूरे बास्पा गांव में मातम छा गया है। ग्रामीणों के अनुसार भरतभाई मिलनसार और मददगार स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनके निधन से गांव में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही वाराही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को हटाकर यातायात को सामान्य किया और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर टैंकर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सतीश/09 जून