11-Jun-2026
...


पटना, (ईएमएस)। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस), बिहार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में एक मुखिया और एक चौकीदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पहले मामले में समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र की चकबहाउद्दीन पंचायत के मुखिया सियाराम राय को 1.20 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता अब्दुल मन्नान ने आरोप लगाया था कि उन्हें निलंबन से मुक्त कराने के बदले मुखिया रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी ब्यूरो ने जाल बिछाकर गुदरी पुल के पास स्थित दुकान से आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। दूसरे मामले में गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र की पनारी पंचायत के चौकीदार मनीष कुमार को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता रविन्द्र यादव ने आरोप लगाया था कि उनके बच्चों का नाम एक आपराधिक मामले से हटाने के बदले रिश्वत मांगी जा रही थी। सत्यापन के बाद निगरानी ब्यूरो की टीम ने बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कार्रवाई कर आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। संतोष झा- ११ जून/२०२६/ईएमएस