11-Jun-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना टूण्डला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो अन्तरजनपदीय शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर थाना टूण्डला पुलिस ने पुराना बाईपास रोड, राजा का ताल स्थित गेल गैस के पीछे झाड़ियों में छापेमारी की। वहां चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में खड़े दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश विकास पुत्र मुरलीधर निवासी हुमायूंपुर, थाना दक्षिण फिरोजाबाद के पैर में गोली लग गई। घायल विकास को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से दूसरे आरोपी योगेश पुत्र नरेशचन्द्र निवासी सी.एल. जैन के पीछे, हुमायूंपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें 2 बाइक थाना टूण्डला क्षेत्र, 1 बाइक थाना मटसेना क्षेत्र और 2 बाइक आगरा के थाना एत्माद्दौला व थाना एत्मादपुर क्षेत्र से चोरी की गई थीं। इसके अलावा 2 तमंचे 315 बोर, 3 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई एडीजी आगरा जोन व डीआईजी आगरा परिक्षेत्र के निर्देशन, एएसपी नगर के पर्यवेक्षण और सीओ टूण्डला के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल अभियुक्त का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद