11-Jun-2026
...


धमतरी (ईएमएस)। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल आपूर्ति बाधित होने के कारण ईंधन संकट एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। हालात ऐसे रहे कि जिले के करीब 10 पेट्रोल पंपों पर “नो फ्यूल” के बोर्ड लगाए गए, जबकि कई पंपों पर पेट्रोल पूरी तरह समाप्त हो गया। सूत्रों के अनुसार, पेट्रोल आपूर्ति बाधित होने का मुख्य कारण डिपो से टैंकरों का समय पर नहीं पहुंचना बताया जा रहा है। इससे शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल की भारी कमी हो गई है। स्थिति यह रही कि बुधवार दोपहर बाद तक अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो चुका था। अंबेडकर चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर जैसे ही ईंधन उपलब्ध होने की सूचना फैली, वहां बड़ी संख्या में वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए लोगों को कतारों में खड़ा रहना पड़ा और करीब 20 से 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। कुछ लोगों को तो एक घंटे तक लाइन में लगना पड़ा। ईंधन की कमी को देखते हुए पेट्रोल पंप संचालक दोपहिया वाहनों को अधिकतम 2 लीटर पेट्रोल और चारपहिया वाहनों को 5 से 7 लीटर पेट्रोल ही दे रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सीमित मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा सके। पेट्रोल पंप डीलर्स ने बताया कि आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने से स्थिति गंभीर बनी हुई है और कई पंपों पर स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो चुका है। घड़ी चौक, देमार, रुद्री रोड, अछोटा सहित कई स्थानों पर “नो पेट्रोल” के बोर्ड लगाए गए हैं। भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की है। पुलिस लगातार भीड़ को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य बनाए रखने का प्रयास कर रही है। इस बीच कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल जिले में पेट्रोल संकट के कारण आम जनता, किसान और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रहा है। - (ईएमएस) 11 जून 2026