क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


- नमामि गंगे प्रोजेक्ट से मिल सकते हैं 100 करोड़ - 8 स्थलों का किया निरीक्षण गुना (ईएमएस)। शहर के बीचों-बीच बहने वाली गुनिया नदी के पुनर्जीवन एवं सौंदर्यीकरण की डीपीआर और स्थल निरीक्षण के लिए दिल्ली से एक विशेष टीम गुना पहुंची। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन नई दिल्ली की प्रोजेक्ट ऑफिसर डॉ. कृति वर्मा द्वारा नदी के बहाव क्षेत्र का विस्तृत जायजा लिया गया। यदि यह गुनिया नदी नमामि गंगे प्रोजेक्ट में शामिल हो जाती है, तो इसे रिकवर करने के लिए दिल्ली से 80 से 100 करोड़ रुपये की राशि मिल सकती है। इस राशि से नदी को संवारा जा सकेगा और इसके बहाव क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण व निर्माणों को भी हटाया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान टीम ने कुल 8 प्रमुख स्थानों का दौरा किया, जिनमें सिंगवासा तालाब, बंदा (मुक्तिधाम कैंट के पीछे), कालापाठा, बांसखेड़ी, मुंशीपुरा, बड़ा पुल, हाट रोड रपटा और शीतला माता मंदिर शामिल रहे। हालांकि नदी को संवारने में कई चुनौतियां हैं, लेकिन यदि यह काम पूरा हो गया तो शहर को बाढ़ के संकट से मुक्ति मिलेगी और यह क्षेत्र बेहद सुंदर हो जाएगा। इस निरीक्षण में नोडल ऑफिसर एडीएम अखिलेश जैन, एसडीएम शिवानी पांडे, विहिप नेता सुरेश शर्मा, गुनिया रिकवर अभियान के मुरारी शर्मा, राकेश मिश्रा, रवि शर्मा, विनीत सेठ, दीपक रजक तथा तकनीकी टीम के गिर्राज अग्रवाल सहित शहर के अनेक जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। - सीताराम नाटानी