क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


लखनऊ (ईएमएस)। भदोही जिले में सुरियावां जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने बताया कि बीती रात्रि लगभग 12:50 बजे पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना, बिना किसी स्पष्ट कारण तथा बिना किसी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी के मनमाने ढंग से हाउस अरेस्ट कर दिया गया। वसीम अंसारी ने कहा कि यह कार्रवाई केवल एक व्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब जनहित के मुद्दों को उठाने वाले लोगों को रोका जाता है, तब लोकतंत्र कमजोर होता है और जनता के अधिकारों का हनन होता है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रही है तथा आगे भी जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी प्रकार के दबाव या दमन से डरने वाले नहीं हैं। वसीम अंसारी ने कहा कि सत्ता के बल पर आवाज़ों को दबाने का प्रयास किया जा सकता है, लेकिन सत्य को कभी पराजित नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और उसे कमजोर करने का हर प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए घातक है।उन्होंने आशंका व्यक्त की कि भदोही कांग्रेस द्वारा लगातार आमजन की समस्याओं को लेकर किए जा रहे संघर्ष से सरकार और प्रशासन असहज हैं। चाहे छात्रों से जुड़े मुद्दे हों, महिला सुरक्षा का प्रश्न हो, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार अथवा स्थानीय जनसमस्याएं—कांग्रेस पार्टी लगातार जनता की आवाज़ बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है।वसीम अंसारी ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई विपक्षी कार्यकर्ताओं को डराने, धमकाने और जनहित के मुद्दों से पीछे हटाने का प्रयास प्रतीत होती है। किंतु कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसे किसी दबाव से घबराने वाले नहीं हैं। कांग्रेस का इतिहास संघर्ष, त्याग और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का रहा है, और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा।उन्होंने प्रशासन से इस कार्रवाई का कारण सार्वजनिक करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की। - 11 जून 26