11-Jun-2026
...


- शिकायत के बाद भी कार्रवाई न हुई तो धरना देंगे जबलपुर, (ईएमएस)। पूर्व राज्य मंत्री हरेंद्र सिंह बब्बू को एक बार फिर फोन पर जान से मारने की धमकी मिली| बब्बू ने मीडिया को बताया कि लगातार तीसरी बार यह धमकी मिली है| टीआई से लेकर एसपी तक इसकी शिकायत की जा चुकी है| लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई| उन्होंने इस मामलें में राजनीति षंड़यंत्र की भी आशंका जताई और चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो धरने पर बैठेंगे| मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हस्तक्षेप की मांग की है. पूर्व मंत्री श्री बब्बू ने कहा कि पिछले दो माह में दूसरी बार उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में जबलपुर के आईजी, डीआईजी सहित अन्य अधिकारियों को भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. पूर्व मंत्री ने बताया कि दो दिन पहले रात में जब वे गोरखपुर क्षेत्र से अकेले निकल रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद वे सीधे गोरखपुर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को पूरे मामले की जानकारी दी. बब्बू के अनुसार, थाना प्रभारी ने उसी नंबर पर कॉल कर बात की तो सामने वाले व्यक्ति ने धमकी देने की बात स्वीकार कर ली. इतना ही नहीं, उसने पुलिस अधिकारी से भी अभद्र व्यवहार किया. हरेंद्रजीत सिंह बब्बू ने कहा कि यदि एक पूर्व मंत्री और 25 साल तक विधायक रहे व्यक्ति को खुलेआम धमकियां मिल सकती हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उनके ऊपर बम फेंके गए थे, जिसमें वे घायल हुए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था. इधर इस मामले में गोरखपुर सीएसपी एम.डी. नागोतिया ने बताया कि पूर्व मंत्री की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया जा रहा है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) और 351(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सुनील साहू / मोनिका / 11 जून 2026/ 06.22