बिलासपुर (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14वीं बार मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन रविवार 14 जून को किया जाएगा। यह वृहद नि:शुल्क शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सीएमडी कॉलेज चौक स्थित लायंस क्लब भवन में आयोजित होगा।आयोजकों ने बताया कि विज्ञान की प्रगति के बावजूद मानव रक्त का कृत्रिम निर्माण संभव नहीं हो सका है। गर्भवती महिलाओं, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, दुर्घटना में घायल मरीजों और बड़ी सर्जरी से गुजरने वाले लोगों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता पड़ती है। वर्तमान में शहर के विभिन्न ब्लड बैंकों में रक्त की कमी बनी हुई है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सेवा-स्मृति चिह्न, प्रमाण-पत्र तथा एक वर्ष तक वैध एक यूनिट ब्लड एक्सचेंज सुविधा प्रदान की जाएगी।इस महाअभियान में सेवा भारती, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, लायंस क्लब बिलासपुर, बीएनआई, राष्ट्रीय सेवा योजना, चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, सीएमडी पीजी कॉलेज, जिला उद्योग संघ, रक्तमित्र सहित 25 से अधिक सामाजिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक संस्थाएं सक्रिय सहयोग कर रही हैं। - 11 जून 2026