एयरपोर्ट जोन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा; पोलोग्राउंड ट्रांसफार्मर यूनिट में सुधारात्मक कार्यों पर दिया जोर इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) अनूप कुमार सिंह ने गुरुवार शाम को शहर के एयरपोर्ट बिजली जोन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और राजस्व संग्रहण की स्थिति को लेकर जोन प्रभारी से गहन चर्चा की। एमडी सिंह ने एयरपोर्ट जोन के कामकाज का जायजा लेते हुए बिजली वितरण, उपभोक्ता सेवा संचालन और शिकायत निवारण की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने जोन प्रभारी गौरव दुबे से कंपनी की प्राथमिकताओं वाले विषयों पर विस्तृत रिपोर्ट ली और सेवाओं में कसावट लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। - पोलोग्राउंड यूनिट का भी लिया जायजा एयरपोर्ट जोन के बाद एमडी सिंह ने पोलोग्राउंड स्थित ट्रांसफार्मर की मेजर रिपेयरिंग यूनिट का भी निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने तकनीकी कार्यों को बारीकी से देखा। एमडी ने निर्देशित किया कि ट्रांसफार्मर सुधारने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और तकनीकी खामियों को समय रहते दुरुस्त किया जाए, ताकि विद्युत आपूर्ति की निरंतरता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (सतर्कता) एसआर बमनके, स्टोर संकाय प्रमुख अचल जैन और अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक संजय मालवीय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। एमडी का यह दौरा कंपनी की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। प्रकाश/11 जून 2026