खेल
12-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। फीफा विश्व कप 2026 में दक्षिण कोरिया ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए ग्रुप ए के मुकाबले में चेकिया को 2-1 से पराजित कर महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल किए। ग्वाडलाहारा में खेले गए इस रोमांचक मैच में ह्वांग इन-बेओम ने एक गोल करने के साथ एक गोल में अहम भूमिका निभाई और टीम की जीत के नायक बने। मुकाबले के अंतिम आधे घंटे में दक्षिण कोरिया ने शानदार वापसी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। मैच की शुरुआत से ही दक्षिण कोरिया ने आक्रामक खेल दिखाया और कप्तान सोन ह्यून-मिन लगातार विपक्षी रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाते रहे। हालांकि पहला गोल चेकिया के पक्ष में आया। 59वें मिनट में कप्तान लाडिस्लाव क्रेज़ी ने शानदार हेडर के जरिए गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद चेकिया के समर्थकों में उत्साह बढ़ गया, लेकिन उनकी खुशी ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। दक्षिण कोरिया ने लगातार आक्रमण जारी रखा और 67वें मिनट में ह्वांग इन-बेओम ने बेहतरीन गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबला और अधिक रोमांचक हो गया। चेकिया को 77वें मिनट में बढ़त हासिल करने का मौका मिला, जब टॉमस सौसेक ने फ्री-किक पर हेडर के जरिए गेंद को जाल में पहुंचा दिया। खिलाड़ी जश्न मनाने लगे, लेकिन सहायक रेफरी ने ऑफसाइड का संकेत दे दिया और गोल को अमान्य घोषित कर दिया। इस फैसले के महज तीन मिनट बाद दक्षिण कोरिया ने निर्णायक प्रहार किया। स्थानापन्न खिलाड़ी ओ ह्यून-ग्यू ने 80वें मिनट में शानदार गोल कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद चेकिया ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन दक्षिण कोरियाई रक्षा पंक्ति ने कोई मौका नहीं दिया और टीम ने जीत सुनिश्चित कर ली। इस जीत के साथ दक्षिण कोरिया अंक तालिका में मेक्सिको के बराबर पहुंच गया है। मेक्सिको ने अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया था और बेहतर गोल अंतर के आधार पर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर है। अब दक्षिण कोरिया का अगला मुकाबला मेक्सिको से होगा, जबकि चेकिया की टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी पहली जीत की तलाश में मैदान पर उतरेगी। डेविड/ईएमएस 12 जून 2026