राज्य
12-Jun-2026


भोपाल (ईएमएस)। यात्रियों को अधिक किफायती एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में पश्चिम मध्य रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भोपाल मंडल से होकर संचालित 10 स्पेशल ट्रेनों को नियमित श्रेणी में शामिल कर दिया गया है। इस निर्णय से यात्रियों को आरक्षित श्रेणियों के किराये में लगभग 30 प्रतिशत तक की राहत मिलेगी, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुलभ एवं किफायती हो जाएगी। अब तक इन ट्रेनों का संचालन स्पेशल ट्रेनों के रूप में किया जा रहा था, जिन पर विशेष अधिभार (स्पेशल चार्ज) लागू होने के कारण यात्रियों को अतिरिक्त किराया देना पड़ता था। नियमित श्रेणी में शामिल किए जाने के बाद यह अतिरिक्त भार समाप्त हो जाएगा और यात्रियों को सीधे तौर पर किराये में लाभ मिलेगा। इस निर्णय का लाभ विशेष रूप से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा यात्रियों, व्यापारियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा नियमित रेल यात्रियों को मिलेगा। साथ ही भोपाल, रानी कमलापति, बीना, इटारसी, नर्मदापुरम एवं संत हिरदाराम नगर सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। नियमित श्रेणी में शामिल की गई ट्रेनें निम्नानुसार हैं— 1. विशेष गाड़ी संख्या 02187/02188 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-रीवा-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस को नियमित ट्रेन संख्या 20153/20154 के रूप में 23/24 अप्रैल 2026 से संचालित किया जा रहा है। 2. विशेष गाड़ी संख्या 02133/02134 बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस को नियमित ट्रेन संख्या 20163/20164 के रूप में 29/30 मई 2026 से संचालित किया जा रहा है। 3. विशेष गाड़ी संख्या 07363/07364 हुबली-योग नगरी ऋषिकेश-हुबली को नियमित ट्रेन संख्या 17363/17364 के रूप में 06/09 जुलाई 2026 से संचालित किया जाएगा। 4. विशेष गाड़ी संख्या 07019/07020 हैदराबाद-जयपुर-हैदराबाद को नियमित ट्रेन संख्या 17079/17080 के रूप में 24/26 जुलाई 2026 से संचालित किया जाएगा। 5. विशेष गाड़ी संख्या 07053/07054 काचीगुड़ा-श्रीगंगानगर-काचीगुड़ा को नियमित ट्रेन संख्या 17601/17602 के रूप में 25/28 जुलाई 2026 से संचालित किया जाएगा। रेलवे का यह निर्णय आम यात्रियों को बेहतर, सस्ती एवं सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे यात्रियों के यात्रा व्यय में कमी आएगी तथा अधिक से अधिक लोग रेल परिवहन का लाभ उठा सकेंगे। आशीष पाराशर, 12 जून, 2026