राज्य
12-Jun-2026


40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाएं, जनजीवन प्रभावित जबलपुर, (ईएमएस)। शुक्रवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने शहरवासियों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन तेज आंधी, तूफान और बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई क्षेत्रों में पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जबकि बिजली के तार और खंभे क्षतिग्रस्त होने से अनेक इलाकों की विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दोपहर 3:30 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच शहर में 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की पुष्टि की है। अचानक आए मौसम परिवर्तन के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर पेड़ गिरने और जलभराव जैसी स्थिति बनने से यातायात भी प्रभावित हुआ। शहर के विभिन्न हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को उमस और अंधेरे की समस्या झेलनी पड़ी। विद्युत विभाग की टीमें शाम तक फॉल्ट सुधारने में जुटी रहीं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के दौरान भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। शुक्रवार को पारा 40.6 डिग्री के पर रहा, जो सामान्य ये 1 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सामान्य से 1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। हवा में नमी प्रात: काल 52 प्रतिशत और सायंकाल 76 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 5.24 पर और सूर्यास्त शाम 6.57 मिनिट पर दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिमी हवायें 5-6 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 40.7 और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को हुई 8.4 मिमी वर्षा के बाद अब तक कुल वर्षा का आंकड़ा 28.5 मिमी पर पहुंच गया जो लगभग 1 इंच से अधिक है। अगले 24 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ पानी की बौछारें पड़ सकती हैं। सुनील साहू / मोनिका / 12 जून 2026/ 06.25