12-Jun-2026
...


- केंद्रिय जॉच एंजेसी से मिले इनपुट पर एटीएस ने पुराने शहर से संदिग्ध को किया गिरफ्तार- पाक से भेजे गए कथित देश विरोधी दस्तावेज बरामद - विशेष ट्रेनिंग के लिए अफगानिस्तान जाने की तैयारी में था युवक भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल की एटीएस ने पुराने शहर के हनुमानगंज थाना इलाके में स्थित काजी कैंप क्षेत्र से एक ऐसे संदिग्ध पाकिस्तानी आंतकी संगठन से जुड़े एजेंट को गिरफ्तार किया है, जो भोपाल में रहकर पाकिस्तानी आतंकी संगठन के इशारे पर अफगानिस्तान में अशांति फैलाने की तैयारी में जुटा था। संदिग्ध युवक बीते काफी समय से पाकिस्तानी आंतकी संगठन के संपर्क में था। सूत्रो के मुताबिक युवक के लगातार पाकिस्तानी एंजेट से संपर्क में रहने पर इसकी भनक केंद्रीय जांच एजेंसी को लग गई। इसके बाद भोपाल एटीएस ने केंद्रीय जॉच एंजेसी से मिले इनपुट के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। लोकल सूत्रो के अनुसार पकड़ाये गये युवक का नाम मोहम्मद फराज बताया गया है, जो कॉग्रेंस नगर में रहते हुए एक डॉक्टर के क्लिनिक पर काम करता है। टीम ने इनपुट मिलने के बाद घेराबंदी कर उसे नगर निगम कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया है। उस पर देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक युवक को पाकिस्तानी आंतकी संगठन के नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सूत्र बताते है की शुरुआती जांच में उसके कब्जे से पाकिस्तान से भेजे गए कथित देश विरोधी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। वहीं यह भी पता चला है, की पकड़ाया गया आरोपी युवक कथित तौर पर विशेष ट्रेनिंग के लिए अफगानिस्तान जाने की तैयारी कर रहा था। जानकारी के मुताबिक आरोपी मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग भी ले रहा था। जांच एजेंसियों को उसके उत्तर प्रदेश के देवबंद मदरसे से जुड़े कुछ संपर्कों की भी जानकारी मिली है, जिसे लेकर आगे की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल एजेंसी उससे पूछताछ कर उसके लोकल नेटवर्क सहित स्थानीय और विदेशी संपर्कों के साथ ही उसके द्वारा की जा रही संभावित गतिविधियों की जांच में जुटी है। जॉच एंजेसी आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करने की तैयारी है। जुनेद / 12 जून