- महापौर व निगमायुक्त ने पौधारोपण के लिये किया स्थल निरीक्षण जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम इस वर्ष शहर में 11 लाख पौधे लगाने जा रहा है। इस महाभियान की शुरुआत इसी जून माह से होने जा रही है, जो शहर के पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य दिखेगा। इस वृहद योजना को धरातल पर उतारने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने उमरिया पिपरिया में प्रथम चरण में चिन्हित 20 एकड़ भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया। इस भूमि पर एक भव्य बड़ा नगर वन विकसित किया जाएगा, जो भविष्य में जबलपुर के नागरिकों के लिए सेहत और सुकून का एक बड़ा केंद्र बनेगा। महापौर श्री अन्नू ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत मियांवाकी पद्धति से पौधे लगाए जाएंगे। इस जापानी तकनीक की विशेषता यह है कि इसमें पौधे बहुत तेजी से बढ़ते हैं और बेहद कम समय में एक घना जंगल तैयार हो जाता है। इस 20 एकड़ के क्षेत्र में मियांवाकी तकनीक से तैयार प्राकृतिक जंगल, तालाबों, वॉकिंग ट्रैक के आस-पास, फलदार पौधे जैव विविधता को बढ़ावा देने और पक्षियों के लिए विकसित होगें। 175 एकड़ भूमि पर बनेंगे ऑक्सीजन जोन..... महापौर श्री अन्नू एवं निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि ऐसे विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण कर आक्सीजन जोन विकसित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 1 साल के अंदर 175 एकड़ भूमि को विकसित कर बड़े स्वरूप में आॅक्सीजन जोन का निर्माण कराया जायेगा, जिससे शहर की वायु गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार भी आयेगा। इस अवसर पर अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उद्यान अधिकारी मनीष तड़से, जल विभाग के सहायक यंत्री मनोज पटैल, उद्यान विभाग से श्रीमती दीप्ति भनारिया, अमन तिवारी, सौरभ त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे। सुनील साहू / शहबाज / 12 जून 2026/ 07.00