हाजीपुर, (ईएमएस)। पूर्व मध्य रेल द्वारा रेलवे बोर्ड के पत्र के आलोक में प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट्स हेतु विशेष संविदा शर्तों के निर्माण के लिए हितधारकों से सुझाव एवं प्रतिक्रिया प्राप्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार दिनांक 11 जून को महेंद्रूघाट, पटना स्थित सम्मेलन कक्ष में हितधारक परामर्श बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कैटरिंग सेवा क्षेत्र से उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। लगभग 18 फर्मों के 25 प्रतिनिधियों ने बैठक में प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि 25 से अधिक फर्मों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क सरस्वती चंद्र ने बताया कि बैठक के दौरान प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इनमें संविदा अवधि, पात्रता मानदंड, क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय ब्रांडों की भागीदारी, आउटलेट्स में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाएँ तथा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं के विकास से संबंधित विषय प्रमुख रहे। हितधारकों ने पूर्व मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों पर प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट्स स्थापित करने में गहरी रुचि व्यक्त की। कई प्रतिभागियों ने प्रतिष्ठित क्षेत्रीय ब्रांडों को पर्याप्त अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि अधिकांश प्रतिभागियों ने सेवा की गुणवत्ता तथा व्यावसायिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए संविदा अवधि को अपेक्षाकृत लंबा रखने का समर्थन किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट मार्केटिंग जाफर आज़म ने कहा कि हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से एक पारदर्शी, व्यावहारिक एवं प्रभावी नीति तैयार करने में सहायता मिलेगी। उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/कैटरिंग प्रभास राघव ने प्रतिभागियों से रचनात्मक सुझाव साझा करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों के आधार पर यात्रियों की अपेक्षाओं के अनुरूप एक बेहतर एवं यात्री-केंद्रित व्यवस्था विकसित की जाएगी। पूर्व मध्य रेल द्वारा हितधारकों से आगे भी सुझाव प्राप्त करने के लिए उन्हें एक ई-मेल आईडी एवं संपर्क नंबर उपलब्ध कराया गया है, जिससे नीति निर्माण प्रक्रिया को और अधिक सहभागी एवं पारदर्शी बनाया जा सके। यह पहल रेलवे स्टेशनों पर प्रतिष्ठित खाद्य एवं पेय ब्रांडों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ, सुलभ एवं विविधतापूर्ण खानपान सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में पूर्व मध्य रेल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बैठक के दौरान प्राप्त सुझाव प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट्स योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक व्यापक तथा हितधारक-अनुकूल रूपरेखा तैयार करने में सहायक होंगे। बैठक का संचालन मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट मार्केटिंग जाफर आज़म के मार्गदर्शन में तथा श्री प्रभास राघव, उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/कैटरिंग के समन्वय से किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित हितधारकों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श करते हुए यात्रियों को उच्च गुणवत्तायुक्त खान-पान सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्व मध्य रेल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। संतोष झा- १३ जून/२०२६/ईएमएस