तकनीकी खराबी के चलते उतारा विमान, सभी यात्री व चालक दल सुरक्षित कोच्चि,(ईएमएस)। शारजाह से कोझिकोड जा रही एयर अरबिया की एक फ्लाइट में शनिवार तड़के तकनीकी खराबी आने के बाद कोच्चि के कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार सभी 179 यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है, कि एयर अरबिया की फ्लाइट जी9-454 में इंजन के रिवर्स थ्रस्ट सिस्टम से जुड़ी तकनीकी समस्या का पता चला था। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुबह 3:19 बजे ‘लोकल स्टैंडबाय’ घोषित किया गया। इसके कुछ ही मिनट बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुबह 3:34 बजे ‘फुल इमरजेंसी’ लागू कर दी गई, जिससे सभी आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा जा सके। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद तकनीकी टीम ने खराबी की जांच और मरम्मत का कार्य किया। आवश्यक परीक्षण पूरे होने के बाद विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी गई। इसके बाद फ्लाइट सुबह 7:15 बजे कोझिकोड के लिए रवाना हो गई। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। समय रहते तकनीकी समस्या का पता चल जाने और त्वरित कार्रवाई के कारण एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। हिदायत/ईएमएस 13जून26