- मुख्य न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय दिलाएंगी पद एवं गोपनीयता की शपथ पटना, (ईएमएस)। पटना हाईकोर्ट में सात नवनियुक्त न्यायाधीशों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार, 15 जून को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में पटना हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय की ओर से शुक्रवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई। शपथ ग्रहण समारोह हाईकोर्ट भवन के शताब्दी हॉल (सेंटेनरी हॉल) में आयोजित होगा। समारोह में पटना हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। नियुक्त सात न्यायाधीशों में से रंजन कुमार झा, कुमार मनीष और राज कुमार स्थायी न्यायाधीश (परमानेंट जज) के रूप में शपथ लेंगे। वहीं राणा विक्रम सिंह, विकास कुमार, गिरिजीश कुमार और आलोक कुमार अतिरिक्त न्यायाधीश (एडिशनल जज) के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। हाईकोर्ट प्रशासन के अनुसार, यह समारोह न्यायपालिका के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। कार्यक्रम में पटना हाईकोर्ट के वर्तमान और पूर्व न्यायाधीशों के अलावा देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश और वरिष्ठ अधिवक्ता भी शामिल होंगे। समारोह में बिहार के महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) पी. के. शाही तथा अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के. एन. सिंह सहित कई गणमान्य विधि विशेषज्ञों की उपस्थिति रहने की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली और अन्य राज्यों के उच्च न्यायालयों से जुड़े अधिवक्ता भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। नए न्यायाधीशों की नियुक्ति से पटना हाईकोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। न्यायिक कार्यों के बढ़ते बोझ को देखते हुए इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बहरहाल नए न्यायाधीशों के शामिल होने से न्यायिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा मामलों की सुनवाई और निपटारे में तेजी आएगी। - १३ जून/२०२६/ईएमएस