13-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह-2026 का सफल समापन हो गया। एक परिवार: एक संकल्प थीम पर आधारित इस सात दिवसीय अभियान के माध्यम से समपार फाटकों और रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। अभियान का संचालन मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी साकेत रंजन के नेतृत्व में किया गया। अभियान के दौरान मानव श्रृंखला, सुरक्षा शपथ, ग्राम संपर्क, जनसंवाद, 60 सेकंड ऑफ साइलेंस, एक सेल्फी: सुरक्षा के नाम तथा एक परिवार: एक संकल्प जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। बिलासपुर मंडल के विभिन्न जिलों में स्थित 42 विद्यालयों, महाविद्यालयों और संस्थाओं में करीब 16 हजार विद्यार्थियों एवं नागरिकों को समपार सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। जनभागीदारी से बना जागरूकता अभियान सफल रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 54 से अधिक गांवों और बस्तियों में 8600 से ज्यादा ग्रामीणों तक रेलवे सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। नागरिकों को समपार फाटक पार करने के सुरक्षित तरीकों, रेल लाइन के पास सतर्कता और दुर्घटना रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। रुकिए, देखिए, सुनिए और सुरक्षित पार कीजिए अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। भारत स्काउट एवं गाइड, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग मिला। रेलवे का मानना है कि समपार दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल रेलवे नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। - 13 जून 2026