13-Jun-2026
...


- बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना बुक लगेज के मामलों पर कार्रवाई बिलासपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में चलाए जा रहे विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान के तहत बिलासपुर स्टेशन एवं यहां से गुजरने वाली 20 ट्रेनों में सघन जांच की गई। अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 644 मामलों में 4 लाख 13 हजार 970 रुपये का जुर्माना वसूला गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार 21 मई से 14 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर नियंत्रण, रेलवे राजस्व में वृद्धि तथा वैध टिकटधारी यात्रियों को बेहतर यात्रा वातावरण उपलब्ध कराना है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टीटीई तथा आरपीएफ जवान शामिल रहे। बिना टिकट यात्रा करने वाले 380 पकड़ाए जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 380 मामलों में 2 लाख 87 हजार 515 रुपये, अनियमित टिकट के 245 मामलों में 1 लाख 24 हजार 555 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 19 मामलों में 1 हजार 900 रुपये का जुर्माना वसूला गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले वैध टिकट लेने और स्टेशन में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने की अपील की है। बिना बुक किए 19 लगेज के मामले भी पकड़े बिलासपुर मंडल के विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान में एक दिन में 644 मामलों का पता लगाया गया। इनमें 380 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले, जबकि 245 यात्री अनियमित टिकट के साथ यात्रा कर रहे थे। इसके अलावा 19 मामलों में बिना बुक किए गए लगेज पाए गए। रेलवे ने इन सभी मामलों से कुल 4.13 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया। - 13 जून 2026