13-Jun-2026
...


- 3 लाख से भरा बैग छीनकर बाइक सवार फरार - झाडफ़ूंक और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर बनाया शिकार, सीसीटीवी फुटेज वायरल बिलासपुर (ईएमएस)। शहर के सबसे बड़े और व्यस्त थोक बाजार व्यापार विहार में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई उठाईगिरी व ठगी की घटना से हडक़ंप मच गया है। नवागढ़ से आए एक किराना व्यापारी और उनके बेटे को झाड़-फूंक और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। बैग में 3 लाख रुपए कैश थे। व्यस्ततम अंडा चौक पर हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की नाकेबंदी की, लेकिन शातिर बदमाश तब तक आंखों से ओझल हो चुके थे। लहसुन-प्याज की खरीदारी कर लौट रहे थे पिता-पुत्र, बदमाशों ने की थी रेकी मिली जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के नवागढ़ निवासी थोक व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने बेटे उमेश कुमार साहू के साथ व्यापारिक सामानों की खरीदी करने बिलासपुर आए हुए थे। उन्होंने व्यापार विहार की थोक मंडी से लहसुन, प्याज और अन्य कृषि उत्पादों की बड़े पैमाने पर नगद खरीदी की। इसके बाद वे अपनी अगली डील के लिए अंडा चौक के पास से गुजर रहे थे। पुलिस को आशंका है कि बदमाश मंडी के भीतर से ही पिता-पुत्र की रेकी (निगरानी) कर रहे थे और उन्हें पता था कि बैग में मोटी रकम मौजूद है। तबीयत ठीक कर दूंगा... कहकर बातों में उलझाया और दे दिया चकमा अंडा चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने व्यापारी जनक प्रसाद साहू को रोका। बदमाशों ने बेहद शातिर तरीके से बातचीत शुरू की और व्यापारी को झांसे में लेते हुए कहा कि आपकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है, हम झाड़-फूंक से इसे अभी ठीक कर देते हैं। बदमाशों ने पिता-पुत्र को अपनी बातों के सम्मोहन में ऐसा उलझाया कि उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला। आरोपियों ने व्यापारी को कुछ कदम आगे चलने को कहा, फिर अगरबत्ती लेने को कहा। फिर उसके बाद आगे चलने को कहा और उनका थैला अपने हाथों पर रख लिया और जैसे ही व्यापारी का ध्यान भटका, वैसे ही बाइक सवार युवक उनके बैग को लेकर भाग गए। जब तक पीडि़त शोर मचाते, आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर मुख्य मार्ग की भीड़ में गायब हो गए। सीसीटीवी में दिखे बाइक सवार दो युवक दिनदहाड़े हुई इस उठाईगिरी की खबर मिलते ही तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल पीडि़त व्यापारियों से हुलिए की जानकारी ली और अंडा चौक सहित व्यापार विहार के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध बाइक और दो युवक तेजी से भागते हुए नजर आए हैं। हुलिए और बाइक के नंबर के आधार पर आरोपियों को ट्रैक किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई है। - 13 जून 2026