13-Jun-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिणी दिल्ली के देवली विधानसभा क्षेत्र में आने वाले तिगड़ी के एच-2 ब्लाक में लोग करीब आठ माह से सीवरलाइन जाम है। ऐसे में क्षेत्र के लोग सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान हैं। हालत यह है कि हर घर के सामने सीवर का गंदा पानी जमा है। बच्चों को स्कूल छोड़ने जाना हो, दफ्तर या अन्य कहीं, लोगों को सीवर के गंदे पानी में से ही आवाजाही करनी पड़ती है। इसके बारे में स्थानीय लोगों ने कई बार स्थानीय दिल्ली जल बोर्ड, नगर निगम, सीएम ग्रीवांस पोर्टल के साथ ही पार्षद व विधायक से भी शिकायत की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि तिगड़ी के एच-2 ब्लाक में सीवर लाइन के साथ ही जल निकासी की व्यवस्था भी बिल्कुल चौपट हो चुकी है। यहां की नालियां भी कचरे से जाम हैं, लेकिन नगर निगम इनकी सफाई नहीं करवा रहा है। ऐसे में जब सीवर ओवरफ्लो की समस्या पैदा हुई तो उसका गंदा पानी नालियों में जाने के बजाय सड़क पर जमा होने लगा। इससे पूरे इलाके में बदबू फैली हुई है। गलियों से निकलते समय लोगों को अपनी नाक पर रुमाल रखकर निकलना पड़ता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/ जून /2026