शाम 7:00 बजे शुरू होगा मैच बर्मिंघम (ईएमएस)। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को यहां टी20 विश्वकप के अपने पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी। विश्वकप मुकाबलों में हमेशा से ही भारतीय टीम पाक पर हावी रही है। ऐसे में प्रशंसक इस रोमांचक मुकाबले का काफी समय से इंतजार कर रहे हैं। इस मैच में भारतीय टीम जीत की प्रबल दावेदार है। भारतीय टीम ने इससे पहले एकदिवसीय विश्वकप जीता था। वहीं अब उसका लक्ष्य पहली बार टी20 विश्व कप खिताब जीतना रहेगा। भारतीय टीम के पास अच्छे बल्लेबाज और गेंदबाज है जिसका उसे लाभ मिलेगा। बल्लेबाजी में भारतीय टीम के पास कप्तान हरमनप्रीत के अलावा स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा व जेमिमा रोड्रिग्स जैसी बेहतरीन खिलाड़ी हैं। वहीं गेंदबाजी में उसके पास रेणुका सिंह, क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा जैसी गेंदबाज हैं। इंग्लैंड के हालातों में रेणुका की स्विंग गेंदबाजी और दीप्ति की सटीक लाइन-लेंथ का सामना करना पाक बल्लेबाजों के लिए बेहद कठिन होगा। दूसरी ओर फातिमा सना की कप्तानी में उतर रही पाक टीम में अधिकतर युवा खिलाड़ी शामिल हैं। इनका लक्ष्य इस मैच में बेहतर प्रदर्शन करना रहेगा। हालांकि आंकड़ों पर नजर डालें तो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय टीम पाक पर भारी पड़ी है। अब तक दोनो के बीच 16 मुकाबले हुए हैं जिसमें से 13 भारतीय टीम ने जीते हैं। ऐसे में इस मैच में भी भारतीय टीम जीत का सिलसिला बनाये रखना चाहेगी। पाक की बल्लेबाजी कमजोर है। उसकी ताकत केवल गेंदबाजी है। ऐसे में उसका लक्ष्य सादिया इकबाल और निदा डार जैसी अनुभवी स्पिनरों के जरिये भारतीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाना रहेगा दोनों ही टीमें इस प्रकार हैं : भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव। पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), गुल फिरोजा, आयशा जफर, इरम जावेद, एमान फातिमा, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीन, मुनीबा अली, टूबा हसन, रामीन शमीम, सादिया इकबाल, नशरा संधू, डायना बेग और तस्मिया रुबाब। ईएमएस 13जून 2026