13-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 4 में स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 34 में आज विभिन्न नवस्वीकृत विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों की कुल लागत 48 लाख 10 हजार रुपये है। इस अवसर पर रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा एवं नगर निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष एवं वार्ड पार्षद आकाश तिवारी, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में विधिवत श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर कार्यों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जोन 4 की जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे। इन विकास कार्यों के अंतर्गत कलेक्टोरेट परिसर में 28 लाख 20 हजार रुपये की लागत से आधुनिक आकांक्षीय शौचालय का निर्माण शीघ्र किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अतिरिक्त, राजातालाब क्षेत्र में स्थित देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थल पर 5 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण किया जाएगा। वहीं यादवपारा भवन के पास 9 लाख 90 हजार रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। साथ ही गांधी चौक राजातालाब स्थित सार्वजनिक सामुदायिक भवन में 5 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त निर्माण कार्य भी किया जाएगा। विधायक पुरंदर मिश्रा एवं महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। - 13 जून 2026