13-Jun-2026
...


- दिग्विजय सिंह से किये गये व्यवहार से फैली नाराजगी भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के लक्ष्मी टॉकीज क्षेत्र में पूर्व जिला कांग्रेस प्रवक्ता ओसाफ अली के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर आक्रोश जताया गया। इस दौरान ओसाफ अली ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के प्रति सार्वजनिक मंच पर कथित रूप से प्रदर्शित असम्मानजनक व्यवहार से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान बनाए रखना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच दिग्विजय सिंह का विशेष सम्मान है, और किसी भी वरिष्ठ नेता के प्रति अनादर की भावना स्वीकार नहीं की जा सकती। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी की भूमिका एवं कार्यशैली की समीक्षा की जाए तथा प्रदेश में ऐसा प्रभारी नियुक्त किया जाए जो वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं संगठनात्मक परंपराओं का सम्मान करे जिससे संगठन और अधिक मजबूत हो सके। प्रदर्शन मे फ़िरोज़ भोपाली, मोहम्मद उबेज़, भईया, शाहनवाज़, सलाम भाई, वासिफ अली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहें। जुनेद / 13 जून