खेल
14-Jun-2026
...


जोहांसबर्ग (ईएमएस)। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन भी 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी देखकर हैरान हैं। स्टेन का मानना है कि जिस प्रकार से वैभव खेल रहे हैं, अगर उसी तरीके से खेलते रहे तो भविष्य में वह सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को भी पीछे छोड़ देंगे। एक कार्यक्रम में जब स्टेन से वैभव को लेकर पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘वैभव एक असाधारण प्रतिभा है। वह इस समय दुनिया के अधिकांश अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से बेहतर खेल रहा है। वह भारतीय क्रिकेट का ‘बॉय वंडर’ और एक अनमोल खजाना है।’ स्टेन की ये बातें वैभव की अविश्वसनीय प्रतिभा और उनके खेल पर उनके गहरे भरोसे को दिखाती हैं। वैभव ने आईपीएल के 19 वें सत्र में कुल 16 मैचों में 776 रन बनाए थे। उन्होंने लगभग 48.50 के औसत और 237.30 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। ऐसा करना टी20 क्रिकेट में बेहद कठिन है। वैभव ने आईपीएल में 72 छक्के लगाकर सर्वाधिक छक्कों के क्रिस गेल के रिकॉर्ड को भी तोड़ा था। स्टेन ने यहां तक कहा , ‘जब आप सचिन या विराट जैसे महान खिलाड़ियों के बारे में सोचते हैं, तो आपको लगता है कि इससे बड़ा कोई नहीं हो सकता पर यह बच्चा आने वाले समय में एक ऐसा धमाका करने वाला है कि अपने करियर के अंत तक वह इन दोनों दिग्गजों से भी आगे निकल जाएगा।’ इस पूर्व तेज गेंदबाज ने वहीं वैभव को लेकर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और प्रशंसकों को भी आगाह किय है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी सफलता मिलना एक दोधारी तलवार की तरह है। इसलिए वैभव का ध्यान रखें। स्टेन के अनुसार, जब इतनी बड़ी जिम्मेदारी आती है, तो बड़े इनाम भी मिलते हैं, लेकिन खतरा भी उतना ही बड़ा होता है। अगर वैभव को सही तरीके से संभाला नहीं गया और उनका सही से प्रबंधन नहीं हुआ, तो भारतीय क्रिकेट इस अनमोल हीरे को बीच रास्ते में ही खो सकता है। इसलिए उन्हें बहुत ही सावधानी और देखरेख के साथ आगे बढ़ाना होगा। स्टेन से पहले भी कई दिगगज खिलाड़ियों ने कहा है कि वैभव पर अभी से बेहतर प्रदर्नन के लिए दबाव नहीं बनाना चाहिये। गिरजा/ईएमएस 14जून 2026