अंतर्राष्ट्रीय
29-Jan-2023
...


तेहरान (ईएमएस)। ईरान के पश्चिमोत्तर इलाके के खोय शहर में शनिवार को आए 5.9 तीव्रता के तेज भूकंप के कारण अब तक सात लोगों की मौत हो गई है जबकि 440 लोग घायल हुए हैं। यह भूकंप उत्तर पश्चिमी ईरान के पश्चिम अजरबैजान राज्य के खोय शहर में शनिवार रात आया। मौत का आकंड़ा अभी और बढ़ने की संभावना है भूकंप के तेज झटकों की वजह से खोय शहर में कई इमारतें गिर गई हैं। मलबे में कई लोगों के दबे होने की संभावना है। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। आपातकालीन सेवाओं के अधिकारियों के मुताबिक तुर्की-ईरान सीमा के पास उत्तर पश्चिमी ईरान में स्थित पश्चिम अजरबैजान प्रांत के खोय शहर में इस भूकंप के झटके महसूस किए गए। ईरानी अधिकारियों ने कहा कि इस आपदा से प्रभावित पश्चिम अजरबैजान प्रांत में राहत और बचाव दलों को भेजा गया है। सरकारी मीडिया के अनुसार अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। आपातकालीन सेवाओं के एक अधिकारी ने ईरान के सरकारी टीवी को बताया कि भूकंप के असर वाले कुछ इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहां का तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस से नीचे है और कुछ जगहों पर बिजली सप्लाई ठप होने की सूचना है। ईरान से होकर कई प्रमुख भूगर्भीय फाल्टलाइंस गुजरती हैं जिसके कारण हाल के वर्षों में वहां कई विनाशकारी भूकंप आ चुके हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल 2 जुलाई को ईरान में एक जोरदार भूकंप आने से भारी तबाही हुई थी। इस भूकंप के झटके पड़ोसी देशों कतर और यूएई के साथ ही चीन तक महसूस किए गए थे। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता को 6.0 बताया था। इस तेज भूकंप के कारण 5 लोगों की मौत हो गई थी और 44 लोग घायल हो गए थे। जुलाई में आए भूकंप का केंद्र ईरान के होर्मोजगन प्रांत के बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के दक्षिण-पश्चिम में 100 किमी। दूर 10 किमी की गहराई में था। अक्टूबर 2022 में भी ईरान में 5.7 तीव्रता का एक भूकंप आया था। अनिरुद्ध ईएमएस 29 जनवरी 2023