क्षेत्रीय
18-Mar-2023
...


दतिया (ईएमएस) जिले के थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम परसोंदागूजर में पति समेत पूरे परिवार ने एक महिला की पीट पीटकर हत्या कर दी। आरोपी पति और उसका परिवार महिला के 10 साल के बच्चे को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक महिला के पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार ग्राम परसोंदागूजर में रहने वाली महिला बब्बू राजा गुर्जर (32) की शुक्रवार को दोपहर में उसी के पति रामकिंकर गुर्जर ने परिवार के लोगों के साथ पीट पीटकर हत्या कर दी। महिला के सिर और शरीर के दूसरे हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसका 10 साल का लड़का भी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि महिला बब्बूराजा का आरोपी पति शराबी और आपराधिक किस्म का व्यक्ति तो था ही, साथ ही चारित्रिक रूप से भी ठीक नहीं था। जिसके चलते मृतिका से उसका विवाद होता था। आए दिन मारपीट करता था। कई बार सामाजिक स्तर पर पंचायतें भी हुईं लेकिन आरोपी रामकिंकर की हरकतों में सुधार नहीं आया। शुक्रवार को महिला बब्बूराजा ने अपने मायके जैतपुरा (धीरपुरा) में पिता को फोन कर बताया कि उसका पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी मारपीट कर रहे हैं और अब वह नहीं बचेगी। इतना सुनते ही मायके पक्ष के मृतिका का पिता, भाई परसोंदागूजर के लिए निकल पड़े। । घर पर पहुंचते ही आरोपी पति रामकिंकर गुल्हारी और 10 साल के बेटे व अपने परिवार के लोगों के साथ भागता हुआ नजर आया। मायके पक्ष के लोग घर के अंदर पहुंचे तो महिला बब्बूराजा आंगन में मृत पड़ी मिली। जानकारी मिलने पर थरेट पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद पति रामकिंकर, सास राजकिशोरी, ससुर कदम सिंह, जेठ सत्येंद्र और जिठानी शशि पर हत्या का मामला दर्ज किया है।