राज्य
22-Mar-2023
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गारे पेलमा कोल ब्लॉक ट्रांसपोर्टेशन में करोड़ों की गड़बड़ी का आरोप लगाया। रमन सिंह ने कोल ब्लॉक का मुद्दा उठाते हुए रायगढ़ कोल ट्रांसपोर्टेशन के रेट और टेंडर में गड़बड़ी का आरोप लगाया। डॉ. रमन के अनुसार ट्रांसपोर्टेशन के लिए दोगुनी दर पर टेंडर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अतिरिक्त पैसा कहां जा रहा है? डॉ. रमन के सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जवाब से असंतुष्ट होकर भाजपा सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि किलोमीटर के हिसाब से एसईसीएल खदान के भीतर ट्रांसपोर्टेशन के लिए दर निर्धारित है। जब पिछली सरकार में टेंडर किया गया और नियम बनाया गया, उसी समय यह कह दिया जाता की गाइड लाइन के हिसाब से परिवहन होगा लेकिन वर्ष 2017 में तो आपने ऐसा नहीं किया, जब आप मुख्यमंत्री थे। तब आपने जो नियम बनाया, वही है। अलग-अलग खदानों के लिए अलग-अलग रेट आता है। मुख्यमंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर भाजपा सदस्यों ने वॉकआउट कर अपना विरोध व्यक्त किया