-पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत-जर्मनी के संबंध लगातार मजबूत हो रहे: सीएम रेखा नई दिल्ली,(ईएमएस)। जर्मनी के थ्यूरिंगिया राज्य के मिनिस्टर-प्रेसिडेंट मारियो वोग्ट ने मंगलवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। दोनों के बीच व्यापार और तकनीकी साझेदारी को लेकर चर्चा हुई। विदेश मंत्री ने इसकी जानकारी एक्स पर दी। उन्होंने इस मुलाकात को हर्ष का विषय बताया और पोस्ट में लिखा- थ्यूरिंगिया के मिनिस्टर-प्रेसिडेंट मारियो वोग्ट और उनके प्रतिनिधिमंडल से मिलकर खुशी हुई। भारत-जर्मनी और भारत-यूरोपीय संघ संबंधों के विस्तार के प्रति उनका मजबूत सहयोग स्वागतयोग्य है। दोनों की व्यापार और प्रौद्योगिकी साझेदारियों पर सार्थक चर्चा हुई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को ही मारियो वोग्ट और उनके प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के साथ बैठक की। इस दौरान स्मार्ट शहरी विकास, टिकाऊ बुनियादी ढांचा, डिजिटल प्रशासन, नवाचार, कौशल विकास और प्रतिभा आदान-प्रदान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में परिवहन, जल प्रबंधन, पर्यावरणीय तकनीकों, शिक्षा और कार्यबल विकास के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। सीएम रेखा ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत और जर्मनी के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं, और दिल्ली इस साझेदारी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें हाल के वर्षों में दोनों देशों ने डिजिटल प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वच्छ ऊर्जा और नवाचार के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में दोनों पक्ष निवेश, उन्नत तकनीक, हरित विकास और आपूर्ति श्रृंखला सहयोग जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाओं की तलाश कर रहे हैं। थुरिंगिया जर्मनी का एक अहम औद्योगिक और तकनीकी राज्य माना जाता है। यह क्षेत्र उच्च तकनीक विनिर्माण, अनुसंधान और नवाचार के लिए मशहूर है। मारियो वोग्ट वहां के मिनिस्टर-प्रेसिडेंट हैं, जो भारत के किसी प्रांत के सीएम के समान पद होता है। सिराज/ईएमएस 02जून26