राज्य
26-Mar-2023


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी जिला के न्यू अशोक नगर इलाके में एक माह पहले महिला सुनीता उर्फ सुमन (30) की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने एक कैब चालक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बिहार निवासी शिव शंकर मुखिया (34) के रूप में हुई है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी महिला से शादी करना चाहता था। जबकि आरोपी चार बच्चों का पिता होने के कारण महिला ने उससे शादी से इनकार कर दिया था। विगत 26 फरवरी को न्यू अशोक नगर के ई-57 से पुलिस को एक महिला की हत्या की सूचना मिली। वहां महिला के पति ने बताया कि मेरी पत्नी ड्यूटी पर गई थी शाम तक वापस नहीं आई और अब दूसरे कमरे में उसकी लाश पड़ी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर और मुंह पर चोट लगने और दम घुटने के कारण उसकी मौत होने का पता। जांच में पुलिस को पता चला कि मृतका सुनीता की कैब चालक शिव शंकर मुखिया से दोस्ती थी। आरोपी उस पर शादी का दबाव बना रहा था। वहीं महिला के पति ने भी पुलिस को बताया कि उसके पास कुछ महीने पहले एक कॉल आई थी। जिसमें आरोपी ने उसे धमकी देते हुए पत्नी को छोड़ देने के लिए कहा था। जांच में आरोपी सीसीटीवी फुटेज में भी नजर आया। छानबीन के बाद पुलिस ने आखिर आरोपी को चिराग दिल्ली इलाके से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वारदात की रात वह महिला के घर पर आया था। महिला के शादी की मना करने पर उसने महिला को बुरी तरह पीटा। इसके बाद हथेली से उसकी नाक व मुंह दबाकर हत्या कर दी। अजीत झा/देवेंद्र/नई दिल्ली/ईएमएस/26/मार्च/2023