खेल
01-Jun-2023
...


लंदन (ईएमएस)। आईपीएल के 16 वें सत्र में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचने वाले राजस्थान रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल अब विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के लिए इंग्लैंड में अभ्यास कर रहे हैं। डब्ल्यूटीसी 7 जून से लंदन के ओवल मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। अभ्यास सत्र के दौरान यशस्वी को भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी टिप्स देते दिखे। अभ्यास सत्र को लेकर आये वीडियो में ये देखा जा सकता है। इस अभ्यास सत्र के वीडियो को आईसीसी ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस वीडियो में जायसवाल नेट्स में शॉट्स खेलते हुए नजर आ रहे हैं। वह अश्विन के साथ अभ्यास करते हुए नजर आ रहे हैं। अश्विन उन्हें अभ्यास के दौरान कुछ समझाते हुए भी नजर आ रहे हैं। अहम बात ये है कि विराट भी यशस्वी को उनके अभ्यास सत्र के दौरान कुछ टिप्स देते हुए नजर आए। दोनों की साथ में तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम ने स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में पहले ऋतुराज गायकवाड़ को शामिल किया था पर गायकवाड़ ने अपनी शादी के कारण नाम वापस ले लिया। ऐसे में अब उनकी जगह यशस्वी को शामिल किया गया। यशस्वी ने आईपीएल 2023 में खेले गए 14 मैचों में 48.07 की औसत से 625 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया था। गिरजा/ईएमएस 01जून 2023