राज्य
25-Nov-2023
...


- मप्र भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल की ईएमएस से विशेष बातचीत (महेश दीक्षित) भोपाल (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल का कहना है कि कांग्रेस अनैतिक पार्टी है। वह गांधी के सिद्धांतों से भटक चुकी है। उसके नेताओं ने 60 सालों तक सिर्फ देश को लूटा है। उनका कहना है कि कांग्रेस और उसके नेता भगवान राम, सनातन और विकास विरोधी हैं। कांग्रेस को जनता पूर्णत: नकार चुकी है। श्री अग्रवाल का कहना है कि, मप्र में भाजपा 150 सीटों पर जीत हासिल करेगी और फिर मप्र में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। यहां पेश हैं मप्र भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल से ईएमएस की विशेष बातचीत के मुख्यांश- सवाल: जिस तरह से लोकतंत्र के महोत्सव विधानसभा चुनाव में बंपर वोटिंग हुई, क्या कहेंगे? भाजपा को कितनी सीटें मिल रही हैं? जवाब- लोकतंत्र के महोतसव में जिस तरह से भाजपा की डबल इंजन सरकार को प्रदेश की जनता का आशीर्वाद मिला है। लाड़ली बहनों और नए युवा मतदाताओं ने जिस उत्साह से भाजपा सरकार की नीतियों और मोदीजी-शिवराजजी के कार्यों को समर्थन दिया, पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जिन संगठनात्मक क्षमताओं के साथ 64 हजारों बूथों के डिजिटलाइजेशन का काम किया, उससे मैं दावे से कह सकता हूं कि भाजपा प्रदेश में 150 सीटें जीत रही है। फिर भाजपा मप्र में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। सवाल-भाजपा की यदि सरकार बनती हैं, तो मुख्यमंत्री कौन होगा? जवाब- मप्र में सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला भाजपा विधायक दल और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। फिलहाल शिवराज जी हमारे और मप्र के मुख्यमंत्री हैं। सवाल- भाजपा के सामने ऐसी क्या मजबूरी थी कि तीन केंद्रीय मंत्रियों और चार सांसदों को चुनाव मैदान में उतारा गया? कांग्रेस का कहना था कि हार के डर से भाजपा ने दिग्गजों मैदान में उतारा है? जवाब- यह मजबूरी नहीं भाजपा की रणनीति है। केंद्रीय मंत्री और सांसद जैसे अनुभवी नेताओं को चुनाव में उतारने से भाजपा को ताकत मिली है। फिर हमारे पास दिग्गज नेता थे, इसलिए हमने उतारे। सवाल-सत्ता-संगठन की कार्यशैली से पार्टी के पुराने नेता-कार्यकर्ता नाराज़ हैं। इस वजह से चुनाव में पार्टी नुकसान हो सकता है। क्या कहेंगे? जवाब- भाजपा कैडरबेस एवं अनुशासित कार्यकर्ताओं की दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। इतने बड़े परिवार में कुछ सदस्यों में किन्हीं बातों को लेकर मत भिन्नता हो सकती है। पदाधिकारी विशेष से नाराजगी हो सकती है। लेकिन उसे पार्टी से नाराजगी बताना कतई ठीक नहीं। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए पार्टी उसकी मां है। क्या कभी कोई अपनी मां से नाराज होता है। सवाल-आप इस बार किन मुद्दों के साथ में चुनाव मैदान में थी? जवाब- चुनाव में हम जनता के बीच गरीब कल्याण अभियान, भाजपा के 2003 से लेकर 2023 तक के शासनकाल का रिपोर्ट कार्ड और भविष्य के मप्र के विकास के संकल्प पत्र के साथ गए। इसके साथ हमने प्रदेश के गांव-गांव तक सडक़ों का जाल बिछाया, हजारों पुल-पुलिए और हाईवे बनाए। 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई। करीब दो करोड़ लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहनों के सुरक्षा-सम्मान की चिंता की। किसानों को किसान सम्मान निधि दी और प्रदेश में सिंचाई का रकबा 7.50 हेक्टयेर से 42 लाख हेक्टेयर बढ़ाया। देश के करोड़ों गरीबों के पांच लाख रुपये तक के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड दिया। करोड़ों बेघर गरीबों को पीएम आवास दिए। भाजपा इन्हीं सब कामों और उपलब्धियों के साथ चुनाव में जनता के बीच पहुंची। सवाल-कांग्रेस ने चुनाव के दौरान शिवराज सरकार के तमाम घोटालों का जिक्र किया। उसे 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार कहा, क्या कहेंंगे? जवाब-कांग्रेस भ्रमित कर विकास की बहस से ध्यान भटकना चाहती थी। कांग्रेस स्वयं एक अनैतिक पार्टी है। वह गांधी के मूल्यों और सिद्धांतों से पूर्णत: भटक चुकी है। जिस पार्टी के नेताओं ने 60 सालों तक देश को लूटा हो, उन्हेंं इस तरह के आरोप लगाने से पहले, खुद के गिरेबां में झांक लेना चाहिए। फिर हमारा कहना है कि यदि कांग्रेस के नेताओं ने देश-प्रदेश की चिंता की होती, तो कांग्रेस पार्टी की इतनी दुर्दशा ही क्यों होती। सवाल-कांग्रेस और राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान की नई परिभाषा बता रहे हैं? जवाब- उनकी मोहब्बत की दुकान से सिर्फ देश के 90 करोड़ हिंदुओं को गाली दी जा रही है। कभी राम, तो कभी सनातन के नाम पर। आप ही बताइए हिंदू आंतकवाद और नफरती हिंदू शब्द किसने दिया। सनातन को नासूर किसने कहा। इसीलिए मप्र में जहां- जहां राहुल गांधी, मिस्टर बंटाढार और करप्शननाथ गए थे, हम वहां-वहां प्रचंड बहुमत से जीतेंगे। सवाल-प्रदेश की जनता को भाजपा की ओर से क्या संदेश देंगे? जवाब-जनता हमारे लिए भगवान है। हम भरोसा दिलाना चाहते हैं कि, प्रदेश की जनता की खुशहाली के लिए पार्टी ने जो संकल्प लिए हैं, उन्हें पूरा होने तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। मप्र को पूर्ण विकसित और खुशहाल प्रदेश बनाकर रहेंगे।