क्षेत्रीय
03-Dec-2023


कुशीनगर(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित होने के बाद से पड़रौना ब्लॉक प्रमुख और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राजेश्वर सिंह आरोप प्रत्यारोप के साथ आमने-सामने आ गए हैं। ब्लॉक प्रमुख श्री बहुगुणा की अगुवाई में उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर जिला मुख्यालय पर कार्यवाही को लेकर अपर एसडीएम को ज्ञापन सौपा जाने के बाद से मामला बढ़ता जा रहा है। जहा एक तरफ ब्लॉक प्रमुख श्री बहुगुणा का आरोप है कि दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राजेश्वर सिंह के पुत्र निरंजन सिंह पडरौना ब्लॉक में कंसलटिंग इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। जिसके लिए उनके द्वारा अपने बेटे को आगणन के कार्यों को दिलाने के लिए दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री के द्वारा दबाव बनाए जा रहा है। उनका आरोप है कि उनके द्वारा विकासखंड में पहुंचकर खंड विकास अधिकारी की अनुपस्थिति में उनके ऊपर तथा जेई आरईएस धर्मेंद्र कनौजिया पर अपशब्दों का प्रयोग किया गया। वही दूसरी तरफ दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री के पुत्र एवं नगर पालिका परिषद पडरौना के मनोनीत सभासद नीरज सिंह बिट्टू ने एक लिखित बयान जारी करते हुए ब्लॉक प्रमुख पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होने कहा है कि दूसरे पर आरोप लगाने के पहले खुद अपने गिरेबान में झांकना जरूरी है। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख के द्वारा अपने पिता पर लगाए गए सभी आरोपी को बेबुनियाद तथ्यहीन एवं निराधार बताया है। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख पर सत्ता में बने रहने के लिए पार्टियों का पाला बदलने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वे सत्ताधारी दल के साथ इसलिए बने रहना चाहते हैं कि आसानी से भ्रष्टाचार कर सकें। उन्होंने ब्लाक प्रमुख श्री बहुगुणा पर ब्लॉक के कर्मचारियो से उल्टा सीधा बोलने की आदत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा की प्रमुख के द्वारा इंजीनियर निरंजन सिंह पर भी दबाव बनाना चाहा गया लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। जिससे वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रमुख के द्वारा पिछले 13 वर्षों से शासन के आदेश के विरुद्ध अपने खास जेई इंजीनियर धर्मेंद्र कनौजिया को तैनात रखा गया है। जांच हो जाए तो सभी भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए नजर आएंगे। अजय कुमार त्रिपाठी ईएमएस