राज्य
20-Feb-2024
...


दमोह (ईएमएस) मध्य प्रदेश के दमोह से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां के एक शख्स ने शादी के लिए अनोखा तरीका अपनाया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल है। दुल्हन ढूंढने के लिए शख्स ने होर्डिंग पर बायोडाटा छपवाया और अपने ई-रिक्शा पर लगा दिया। होर्डिंग में शख्स ने अपने बारे में कई जानकारियां दी हैं। इसमें उसने अपनी पढ़ाई से लेकर पता और मोबाइल नंबर का जिक्र किया है। सबसे खास बात ये कि आखिर में शख्स ने शादी के लिए एक बहुत जरूरी और ध्यान खिंचने वाली शर्त रखी है। शख्स ने आखिर में लिखा है कि शादी के लिए किसी तरह का कोई जातिबंधन नहीं है। शादी की इच्छा रखने वाले शख्स की पहचान 29 साल के दीपेंद्र राठौड़ के रूप में हुई है। दीपेंद्र ई-रिक्शा होर्डिंग के जरिए दुल्हन की तलाश कर रहा है। होर्डिंग में उसने अपनी लंबाई, जन्म तिथि, गोत्र, पढ़ाई जैसी व्यक्तिगत जानकारियां दी हैं। उसने लिखा है कि शादी के लिए कोई जाति बंधन नहीं है। कोई भी महिला शादी का प्रस्ताव लेकर उनसे संपर्क कर सकती है।