राज्य
23-Feb-2024
...


बदायूं (ईएमएस) रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस शुक्रवार सुबह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में 20 से अधिक कार्यकर्ता घायल बताए गए हैं। यह हादसा शाहजहांपुर जिले कटरा थाना क्षेत्र में हुआ। सूचना मिलते ही दुर्घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बदायूं के दातागंज से भाजपा कार्यकर्ताओं की बस शुक्रवार सुबह आठ बजे अयोध्या के लिए निकली थी। बताया गया कि बस में 40 से अधिक भाजपा कार्यकर्त्ता सवार थे। शाहजहांपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुलासनगरा गांव के सामने बस अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हालांकि, हादसे का स्पष्ट कारण नहीं चल पाया है। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। जानकारी मिलने के बाद बदायूं विधायक महेश्वचंद्र गुप्ता भी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए पहुंचे। जानकारी अनुसार कुंवरगांव के वनगढ़ गांव निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष हरवंश शाक्य के नेतृत्व में यह बस राम लला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रही थी। इस बस में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सवार थे। दातागंज में भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।