खेल
29-Mar-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)।कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से पिछले सत्र में खेले क्रिकेटर डेविड वीसे ने कहा है कि तब टीम के कोच रहे चंद्रकांत पंडित से विदेशी खिलाड़ी नाराज थे। वीसे दक्षिण अफ्रीकी मूल के नामीबियाई क्रिकेटर हैं। उनके अनुसार विदेशी खिलाड़ियों को पंडित की कार्यशैली पसंद नहीं थी। वीसे ने कहा कि विदेशी खिलाड़ी पंडित से इसलिए नाराज थे क्योंकि वह खिलाड़ियों के रहन-सहन पर टिप्पणी करते थे। वहीं खिलाड़ी नहीं चाहते थे कि उन्हें यह बताया जाए कि कैसे रहना है या क्या पहनना है। उन्होंने कहा, ‘पंडित को भारत में काफी उग्र कोच के रूप में जाना जाता है। वह काफी सख्त, अनुशासनप्रिय किस्म के कोच रहे हैं। फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कई बार दुनिया भर से आए विदेशी खिलाड़ियों को यह बताने की जरूरत नहीं होती कि उन्हें कैसे व्यवहार करना है या क्या पहनना है। पंडित 2022 में केकेआर के कोच बने। टी20 विश्व कप 2022 में नामीबिया टीम के साथ रहे वीसे ने कहा, ‘कोच अपने तरीके से चीजों को करना चाहते थे जो कई खिलाड़ियों को पसंद नहीं आया। इससे चेंजिंग रूम में तनाव भी हो गया था। खिलाड़ी नाराज थे क्योंकि मैकुलम के जाने के बाद काफी कुछ बदलता देख रहे थे। वीसे ने कहा कि वह हालांकि बदलते माहौल से विचलित नहीं थे, और बेहतर तरीके से खेलने के लिए तैयार थे। गिरजा/ईएमएस 29 मार्च 2024