ट्रेंडिंग
17-Apr-2024
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच सियासी तनातनी जग जाहिर है। तंज कसने में कोई किसी से पीछे नहीं है,केवल मौका चाहिए। राम नवमी पर भी कुछ इसी तरह के बयान सोशल मीडिया पर देखे गए। अयोध्या के राम मंदिर के लिए पीएम मोदी ने अपने अगले पोस्ट में कहा, ‘यह पहली राम नवमी है, जब अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में हमारे राम लला विराजमान हो चुके हैं। राम नवमी के इस उत्सव में आज अयोध्या एक अप्रतिम आनंद में है। 5 शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद आज हमें ये रामनवमी अयोध्या में इस तरह मनाने का सौभाग्य मिला है। यह देशवासियों की इतने वर्षों की कठिन तपस्या, त्याग और बलिदान का सुफल है। उन्होंने आगे कहा, ‘प्रभु श्रीराम भारतीय जनमानस के रोम-रोम में रचे-बसे हैं, अंतर्मन में समाहित हैं। भव्य राम मंदिर की प्रथम रामनवमी का यह अवसर उन असंख्य राम भक्तों और संत-महात्माओं को स्मरण और नमन करने का भी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। वहीं दूसरी तरफ राम नवमी के शुभ अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी बधाई दी है। ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, राम नवमी के शुभ अवसर पर सभी को शुभकामनाएं। मैं सभी के लिए शांति, समृद्धि और विकास बनाए रखने की अपील करती हूं। वहीं, राहुल गांधी ने राम नवमी की बधाई देते हुए कहा कि आप सभी को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं। आशा करता हूं यह शुभ पर्व आपके जीवन में खुशियां, संतोष और समृद्धि ले कर आए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ‘जय श्री राम! सभी को रामनवमी के पावन पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जीवन न्याय, जनकल्याण व स्वाभिमान के लिए संघर्ष का प्रतीक है। प्रभु ने अपने जीवन से सत्य व धर्म के लिए त्याग का सर्वोच्च आदर्श स्थापित कर समूचे विश्व को युगों-युगों तक मार्गदर्शित करने का कार्य किया। इस वर्ष 500 सालों बाद प्रभु का जन्मोत्सव अपने जन्मभूमि के मंदिर में मनाया जाना सारे रामभक्तों के लिए गौरव का विषय है। प्रभु से सभी के कल्याण की प्रार्थना करता हूं। बता दें कि देश में आज राम नवमी की धूम है और मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। रामलला के सूर्य तिलक का साक्षी बनने के लिए अयोध्या के राम मंदिर में भी रामभक्तों की भीड़ उमड़ी है। इस बीच पीएम मोदी ने देशवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं दी है और कहा कि प्रभु श्रीराम भारतीय जनमानस के रोम-रोम में रचे-बसे हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी देशवासियों को रामनवमी की बधाई दी है और अमन-चैन से रहने की अपील की है।प्रधानमंत्री ने राम नवमी के अवसर पर कहा, ‘देशभर के मेरे परिवारजनों को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी की अनंत शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर मेरा मन भावविभोर और कृतार्थ है। ये श्रीराम की परम कृपा है कि इसी वर्ष अपने कोटि-कोटि देशवासियों के साथ मैं अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा का साक्षी बना। अवधपुरी के उस क्षण की स्मृतियां अब भी उसी ऊर्जा से मेरे मन में स्पंदित होती हैं। वीरेन्द्र विश्वकर्मा/ईएमएस 17 अप्रैल 2024