खेल
19-Apr-2024
...


मुम्बई (ईमएएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 17 वें सत्र में इस बार ऐसे खिलाड़ियों ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। इसमें चेन्नई सुपरकिंग्स से खेल रहे महेन्द्र सिंह धोनी के अलावा वेस्टइंडीज के सुनील नरेन भी शामिल हैं। 42 साल के धोनी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अंतिम ओवर में तीन छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत दिलायी थी। धोनी ने 2020 में ही संन्यास ले लिया था। इसके बाद वह साल में एक बार केवल आईपीएल ही खेलते हैं। इसके बाद भी उनकी फिटनेस और प्रदर्शन कमाल का है। धोनी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ केवल 4 गेंद पर 20 रन ठोक दिए थे। धोनी ने इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 16 गेंद पर 37 रन बना दिये थे। वहीं 35 साल के सुनील नरेन भी जबरदस्त फार्म में हैं। वह इस बार आईपीएल सत्र में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने लीग में 276 रन बना दिए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है। इस टूर्नामेंट में उनसे ज्यादा रन केवल दो खिलाड़ी विराट कोहली और रियान पराग ही बना पाए हैं। वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमन पॉवेल भी चाहते हैं कि नरेन आगामी टी20 विश्वकप के लिए टीम में वापसी करें। नरेन ने पिछले साल नवंबर में खेल को अलविदा कह दिया था। इसके अलावा 39 साल के फाफ डू प्लेसी ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की कप्तानी करते हुए उन्होंने जमकर रन बनाये हैं। डू प्लेसी ने 7 मैचों में 154.66 के स्ट्राइक रेट से 232 रन बनाए हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने आईपीएल 2024 में 6 मैच में 166 रन बनाए हैं। हाल ही में वनडे और टेस्ट को अलविदा कहने वाले डेविड वॉर्नर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलते रहने की इच्छा जताई है। वार्नर ने कहा है कि वे टी20 विश्व कप खेलना चाहते हैं। इसके बाद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इस प्रारुप को भी अलविदा कह देंगे। इसके अलावा लखनऊ सुपरजायंट्स की ओर से खेल रहे दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक और सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल रहे हेनरिक क्लासेन भी संन्यास के बाद आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। गिरजा/ईएमएस 19 अप्रैल 2024