राष्ट्रीय
19-Apr-2024


पटना (ईएमएस)। बिहार में पहले चरण के मतदान के दौरान बिहार के औरंगाबाद में एक पोलिंग बूथ पर महज 3 वोट पड़े। मतदान अधिकारी पूरे दिन इंतजार करते रहे लेकिन लोग वोटिंग करने नहीं आए। यह मामला औरंगाबाद प्रखंड के नेहुटा गांव का है। यहां के लोगों ने एकजुट होकर मतदान का बहिष्कार किया। इससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद लोग वोट डालने पोलिंग बूथ पर नहीं पहुंचे। जानकारी के मुताबिक औरंगाबाद के नेहुटा गांव के लोग इलाके में खस्ताहाल सड़क एवं पेयजल की समस्या को लेकर नेताओं और अफसरों से नाराज हैं। उन्होंने पूर्व में ही मतदान के बहिष्कार की चेतावनी दे दी थी। मगर जिम्मेदारों ने कोई सुध नहीं ली। शुक्रवार को मतदान के दिन गांव वालों ने वोटिंग से पल्ला झाड़कर अपना विरोध जाहिर किया। लोगों का कहना है कि उन्हें सड़क, नाली और नल जल जैसी योजना का लाभ नहीं मिला। सुबोध\१९\०४\२०२४