राष्ट्रीय
22-Apr-2024
...


मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम सूरत पहुंची मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर पर 14 अप्रैल की सुबह फायरिंग से हड़कंप मचा था। घटना में शामिल दोनों हमलावरों को पुलिस ने पकड़ लिया है। मामले की जांच तेजी से जारी है। इस बीच फायरिंग केस में नया अपडेट सामने आया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने के बाद बंदूक सूरत की नदी में फेंकी थी। उस बंदूक की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच की टीम सूरत पहुंची है। आरोपियों ने पुलिस से तापी नदी में बंदूक फेंकने की बात कही है। इस केस में मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल को मुख्य आरोपी बनाया है। अनमोल को वांटेड सूची में शामिल किया है। जांच पड़ताल के दौरान बिश्नोई भाइयों के खिलाफ कुछ सबूत मिले हैं। सूत्र बताते हैं क्राइम ब्रांच अनमोल बिश्नोई (जो कि अमेरिका में रहता है) के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर सकती है। दूसरी ओर जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई की कस्टडी के लिए कोर्ट में आवेदन देगी। गिरफ्तार हुए आरोपी विक्की गुप्ता (24 साल) और सागर पाल (21 साल) ने सलमान के घर पर फायरिंग करने से पहले बिहार के चंपारण में हथियार चलाने की प्रैक्टिस की थी। दोनों को 13 अप्रैल की रात बंदूकें सप्लाई की गई थीं। अनमोल दोनों आरोपियों के साथ इंटरनेट कॉलिंग के जरिए संपर्क में था। उन्हें सलमान के घर फायरिंग के लिए पहले ही 1 लाख रुपये दिए जा चुके थे। सलमान ने फायरिंग की घटना के बाद बड़ा फैसला लिया। वे काम पर लौट आए हैं। उन्होंने अपने प्रोजेक्ट्स की किसी भी डेट को आगे खिसकाने से मना किया है। आशीष दुबे / 22 अप्रैल 2024