ट्रेंडिंग
25-Apr-2024
...


कांग्रेस ने सेना के जवानों के हाथ बांध रखे थे मुरैना (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुरैना में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए सिर्फ और सिर्फ देश सबसे बड़ा है, जबकि कांग्रेस के लिए अपना परिवार सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि मुरैना ने हमेशा उनका साथ दिया है, जिनके लिए देश सबसे पहले है। आपका उत्साह देखकर मैं कह सकता हूं कि मुरैना आज अपने संकल्प से डिगा नहीं है। आगे भी कभी अपने संकल्प से मुरैना नहीं डिगेगा। पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के समय कांग्रेस ने धर्म के नाम पर ही देश का बंटवारा स्वीकारा था। मां भारती के हाथों की जंजीरों को काटने की जगह उन्होंने मां भारती की भुजाओं को काट दिया। देश के टुकड़े कर दिए। कांग्रेस आज भी सुधरने के लिए तैयार नहीं है। कुर्सी और सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस छटपटा रही है। कुर्सी पाने के लिए कांग्रेस लगातार गंदे खेल खेलने में जुटी हुई है। कांग्रेस ने सालों तक सेना के जवानों को उनका हक नहीं दिया। वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरा नहीं होने दिया, जो हमने सत्ता में आते ही लागू किया। कांग्रेस पार्टी एक ऐसी ही विकास विरोधी समस्या है, जिसे अब जनता दूर ही रखना चाहेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सीमा पर खड़े जवानों की सुविधा को भी समझा और जवानों को खुली छूट दी है। कांग्रेस ने जवानों के हाथ बांध रखे थे, हमारी सरकार ने कहा कि अगर एक गोली आती है, तब 10 गोली चलानी चाहिए। एक गोली की जगह 10 तोपें दुश्मन पर वार करनी चाहिए। आशीष दुबे / 25 अप्रैल 2024