ट्रेंडिंग
25-Apr-2024
...


राहुल गांधी, हेमा मालिनी, अरुण गोविल, शशि थरूर, भूपेश बघेल, केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर, केसी वेणुगोपाल समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर दूसरे चरण की लड़ाई...पारा रहेगा हाई -दूसरे फेज में 1,198 प्रत्याशी मैदान, इनमें 1,097 पुरुष और 100 महिला उम्मीदवार, एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर है -2019 में भाजपा 50, कांग्रेस 21 और एनडीए के सहयोगी दलों ने 8 सीटें जीती थीं नई दिल्ली (ईएमएस)। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 88 सीटों पर मतदान होगा। पहले इस फेज में 89 सीटों पर वोटिंग होनी थी, लेकिन मध्य प्रदेश की बैतूल सीट पर बसपा प्रत्याशी के निधन के बाद इस सीट पर अब 7 मई को चुनाव होंगे। पहले चरण के कम मतदान को देखते हुए चुनाव आयोग ने अपने कर्मियों को लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा है। इसके अलावा चुनाव आयोग ने इस बार से एक नया प्रयोग भी किया है, उसने शहरी इलाकों की बहुमंजिली इमारतों में वहीं पर मतदान की व्यवस्था की है। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक है। उधर मौसम विभाग के अनुसार दूसरे चरण में जिन क्षेत्रों में मतदान होना है वहां शुक्रवार को भयंकर गर्मी पडऩे की संभावना है। पारा 38 डिग्री से लेकर 43 डिग्री तक जाने की संभावना है। इससे कम मतदान की आशंका जताई जा रही है। दूसरे चरण में असम की 05, बिहार की 05, छत्तीसगढ़ की 03, जम्मू-कश्मीर की 01, कर्नाटक की 14, केरल की 20, मध्य प्रदेश की 06, महाराष्ट्र की 08, राजस्थान की 13, त्रिपुरा की 01, उत्तर प्रदेश की 08 और पश्चिम बंगाल की 03 सीटों पर पर मतदान होना है। जनता दूसरे चरण में 2 कैबिनेट और 4 राज्यमंत्रियों की किस्मत का फैसला करेगी। दूसरे चरण में वायनाड से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, मथुरा से हेमा मालिनी, मेरठ से अरुण गोविल मैदान में हैं। तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर का मुकाबला केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर से है। जम्मू लोकसभा सीट से भाजपा के जुगल किशोर का मुकाबला कांग्रेस के रमन भल्ला से है, यहां गुलाम नबी आजाद की पार्टी डीपीएपी ने जीएम सरुरी को चुनावी मैदान में उतार कर मुकाबले को त्रिकोणीय करने का प्रयास किया है। यहां पर कुल 22 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 2019 में इन सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा को 50 और एनडीए के सहयोगी दलों ने 8 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के खाते में 21 सीटें गईं थीं। अन्य को 9 सीटें मिली थीं। इस चरण में 29 सीटें ऐसी हैं, जहां भाजपा ने कभी जीत हासिल नहीं की है। इनमें सबसे ज्यादा केरल की 20 सीटें हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, इलेक्शन के दूसरे फेज में 1,198 कैंडिडेट्स मैदान में हैं। इनमें 1,097 पुरुष और 100 महिला उम्मीदवार हैं। एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर है। 21 प्रतिशत पर क्रिमिनल केस दर्ज एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म ने 1,192 उम्मीदवारों के हलफनामे में दी गई जानकारी पर एक रिपोर्ट तैयार की। इनमें से 21 प्रतिशत यानी 250 उम्मीदवार पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। 390 यानी 33 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। 6 उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है, जबकि तीन के पास 500 से 1,000 रुपए की संपत्ति है। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, 14 फीसदी यानी 167 ऐसे उम्मीदवार हैं, जिन पर गंभीर मामले दर्ज हैं। गंभीर मामलों में हत्या, किडनैपिंग जैसे अपराध शामिल होते हैं। 3 उम्मीदवारों पर हत्या और 24 पर हत्या की कोशिश के मामले दर्ज हैं। 25 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले दर्ज हैं। इनमें से एक पर रेप का मामला भी दर्ज है। वहीं, 21 कैंडिडेट्स पर हेट स्पीच से जुड़े मामले दर्ज हैं। केरल के 3 कैंडिडेट्स पर सबसे ज्यादा क्रिमिनल केस केरल के भाजपा अध्यक्ष और वायनाड सीट से उम्मीदवार के. सुरेंद्रन पर सबसे ज्यादा 243 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, राज्य की ही एर्नाकुलम सीट से भाजपा कैंडिडेट डॉ. के.एस. राधाकृष्णन पर 211 आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीसरे नंबर पर इडुक्की सीट से कांग्रेस उम्मीदवार डीन कुरियाकोस पर 88 आपराधिक मामले दर्ज हैं। 33 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति एडीआरए के मुताबिक, सेकेंड फेज में 1,192 उम्मीदवारों में से 390 यानी 33 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। कैंडिडेट्स के पास औसत संपत्ति 5.17 करोड़ रुपए है। 6 उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है, जबकि तीन के पास 300 से 1,000 रुपए की संपत्ति है। महाराष्ट्र के नांदेड़ से निर्दलीय उम्मीदवार लक्ष्मण नागोराव पाटिल के पास कुल संपत्ति 500 रुपए है। केरल के कासरगोड़ से राजेश्वरी केआर ने 1000 रुपए और महाराष्ट्र के अमरावती से पृथ्वीसम्राट मुकींद्राव दीपवंश ने 1,000 रुपए की कुल संपत्ति घोषित की है। छत्तीसगढ़ की 3 लोकसभा सीटों पर मतदान छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लिए 3 लोकसभा सीटों राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर के लिए मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने इसे लेकर तैयारी पूरी कर ली है। दूसरे चरण में कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज नेताओं सहित 41 प्रत्याशी मैदान में है। इन प्रत्याशियों की किस्मत 52,84,938 मतदाता तय करेंगे। दूसरे चरण की वोटिंग के लिए निर्वाचन आयोग ने 6567 मतदान केंद्र बनाए हैं। इन मतदान केंद्रों में 10572 बीयू, 7974 सीयू और 8661 वीवीपैट लगाया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से कांकेर, मोहला-मानपुर और कोंडागांव के 55 बूथों को शिफ्ट किया गया है। यहां पर अतिरिक्त फोर्स को तैनात की जाएगी।