मनोरंजन
18-Mar-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल और निर्देशक अयान मुखर्जी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हाल ही में काजोल के चाचा और अयान के पिता, मशहूर अभिनेता देब मुखर्जी का 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। देब मुखर्जी उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और 14 मार्च, 2025 को उन्होंने अंतिम सांस ली। अपने करियर में उन्होंने भारतीय सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं और इंडस्ट्री में एक सशक्त नाम बनाया। उनके निधन के बाद से काजोल अपने चाचा की यादों में खोई हुई हैं। काजोल ने सोशल मीडिया पर अपने चाचा के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए भावुक पोस्ट लिखा। इस फोटो में उन्हें एक दुर्गा पूजा पंडाल में देब मुखर्जी के साथ देखा जा सकता है। उन्होंने लिखा, परंपरा कहती है कि हर दुर्गा पूजा पर हम साथ में तस्वीरें खिंचवाते थे। जब हम सभी सज-धज कर तैयार होते थे और अच्छे दिखते थे। मैं अभी भी उनके बिना दुनिया को समझने और खुद को ढालने की कोशिश कर रही हूं। वह अब तक के सबसे बेहतरीन लोगों में से एक थे। शांति से आराम करें। मैं आपको प्यार करती रहूंगी और हमेशा याद करूंगी। हर दिन आपकी कमी खलेगी। काजोल के इस पोस्ट पर फैंस और सेलेब्रिटीज की भावनात्मक प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोग उन्हें हिम्मत बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े हैं। बता दें कि देब मुखर्जी अयान मुखर्जी के पिता और निर्देशक आशुतोष गोवारिकर के ससुर थे। सुदामा/ईएमएस 18 मार्च 2025