17-Apr-2025
...


इन्दौर (ईएमएस) नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ इन्दौर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका पुतला फूंका। पुतलो पर चोर मचाए शोर और नेशनल हेराल्ड से जुड़े पोस्टर भी चिपकाए गए थे। भाजयुमो इन्दौर के कार्यकर्ताओं ने इन्दौर के ह्रदय स्थल राजबाड़ा पर पहले कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पुतलों को लेकर उन्हें वहां परिक्रमा करवाते राहुल गांधी मुर्दाबाद और राहुल गांधी चोर है के नारे लगाए और फिर उन्हें फूंक दिया।कार्यकर्ताओं का कहना है कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी देश को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। प्रदर्शन के बाद इंदौर भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने कहा कि ईडी देश की एक सर्वोच्च संस्था है, जो बड़े घोटालों को उजागर कर रही है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर घोटाले के आरोप उनकी ही सरकार के समय दर्ज किए गए थे। अब जब ईडी सही दिशा में जांच कर रही है, तब ये दोनों ईडी कार्यालय जाकर अधिकारियों को धमकाने और जांच को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने देश को लूटने का काम किया है। उन्होंने बताया कि आलाकमान के निर्देश पर प्रदेशभर में अलग-अलग स्थानों पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुतला दहन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज इंदौर में युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया है। आनन्द पुरोहित/ 17 अप्रैल 2025