नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह दो दिवसीय सऊदी अरब दौरे पर रवाना हो गए हैं। यह उनके तीसरे कार्यकाल की पहली सऊदी यात्रा है। उन्हें यह निमंत्रण सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने दिया था। प्रधानमंत्री मोदी जेद्दाह पहुंच कर क्राउन प्रिंस सलमान से द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक में योग, मीडिया, मनोरंजन और खेल जैसे क्षेत्रों में सहयोग के लिए कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इस दौरे के दौरान 23 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी सऊदी की एक फैक्ट्री का भी दौरा करेंगे और वहां काम कर रहे भारतीय मजदूरों से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में करीब 92 लाख भारतीय काम करते हैं, जिनमें से लगभग 27 लाख सऊदी अरब में हैं। पीएम मोदी की है यह तीसरी सऊदी यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की यह तीसरी सऊदी यात्रा है। इससे पहले वे 2016 और 2019 में भी सऊदी गए थे। वहीं, क्राउन प्रिंस सलमान ने 2019 और 2023 में भारत का दौरा किया था। भारत और सऊदी अरब के बीच 1947 से कूटनीतिक संबंध हैं, जिन्हें 2010 में रणनीतिक साझेदारी में बदला गया था। 2024 की शुरुआत से अब तक भारत से 11 मंत्री स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब जा चुके हैं। वहीं, सऊदी विदेश मंत्री और उद्योग एवं खनिज संसाधन मंत्री नवंबर 2024 और फरवरी 2025 में भारत आ चुके हैं। हिदायत/ईएमएस 22अप्रैल25