ट्रेंडिंग
13-Mar-2026
...


संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेसवार्ता कर वर्तमान स्थिति के बारे में बताया नई दिल्ली (ईएमएस)। मिडिल ईस्ट में युद्ध की वजह से भारत सहित दुनियाभर में ऊर्जा संकट का खतरा मंडराता जा रहा है। भारत में भी अलग-अलग राज्यों से एलपीजी गैंस संकट की खबरें सुर्खियों में है। शुक्रवार को पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेसवार्ता कर वर्तमान स्थिति के बारे में लोगों को जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने की सलाह और पैनिक ना करने की अपील की है। संयुक्त सचिव शर्मा ने कहा कि मैं आप लोगों के माध्यम से सभी देशवासियों से अपील करती हूं कि अफवाहों पर विश्वास न करें और पैनिक ना हो। हमारा जो एवरेज बुकिंग है, वह करीब 50 से 55 लाख बुकिंग प्रति दिन है। लेकिन पिछले कुछ दिनों में बुकिंग बढ़कर करीब 75-76 लाख तक पहुंची है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के कॉल सेंटर को भी मजबूत किया गया है। कॉल सेंटर में सीट्स को बढ़ाकर 400 कर दिया गया है और टेलीफोन लाइनों की संख्या भी बढ़ाकर 50 की गई है। ब्लैक मार्केटिंग और होर्डिंग पर भी एक्शन लिया जा रहा है। इसके साथ ही राज्यों को फ्यूल सप्लाई को लेकर लगातार कोऑर्डिनेशन और कोऑपरेशन का आश्वासन दिया है। राज्यों को सलाह दी गई है कि ब्लैक मार्केटिंग और होर्डिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि इस तरह की घटनाएं न हों। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्यों में सप्लाई की स्थिति की समीक्षा की है और डीएम तथा एसपी को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा कई राज्यों जैसे मेघालय, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, केरल, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में कंट्रोल रूम बनाए गए है। महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में इस स्थिति को लेकर रोजाना प्रेस ब्रीफिंग हो रही है। उत्तर प्रदेश के झांसी में सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी हो गया था, जिसे पुलिस ने सफलतापूर्वक बरामद किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में भी सिलेंडर बरामद किए गए हैं और संबंधित डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम को सील किया। आशीष दुबे / 13 मार्च 2026