राष्ट्रीय
23-Apr-2025


मुंबई, (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 पर्यटक मारे गए। इसमें महाराष्ट्र के 6 पर्यटक शामिल हैं। जिसमें मुंबई से सटे डोंबिवली के तीन, पनवेल के एक तथा पुणे के दो पर्यटकों का समावेश है। मंगलवार रात जब यह खबर सामने आई तो महाराष्ट्र के चार पर्यटकों की मौत हो चुकी थी। उसके बाद अब पता चला है कि महाराष्ट्र के दो और पर्यटकों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ये दोनों पर्यटक पुणे के हैं। पुणे के जगदाले और गणबोटे परिवार कश्मीर की यात्रा पर गए थे। इन पांच लोगों पर उस समय हमला किया गया जब वे पहलगाम में थे। आतंकवादियों ने जगदाले और गणबोटे परिवारों के लोगों से उनके धर्म के बारे में पूछा और फिर उन्हें गोली मार दी। इसमें कौस्तुभ गणबोटे और संतोष जगदाले गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हमले में कई पर्यटक घायल हो गए हैं। इसलिए, मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है। - डोंबिवली के तीन लोगों की मौत पहलगाम आतंकवादी हमले में मुंबई से सटे डोंबिवली के अतुल मोने, संजय लेले और हेमंत जोशी मारे गए। इस बीच जानकारी मिली है कि नवी मुंबई से सटे पनवेल के दिलीप देसले की भी इस हमले में मौत हो गई। महाराष्ट्र के पर्यटकों की मौत की खबर से समूचे राज्य में शोक फैला है। बताया गया है कि डोंबिवली पश्चिम के शाला मैदान स्थित सावित्री अपार्टमेंट निवासी हेमंत जोशी की पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मौत हो गई। हमले में ठाकुरवाड़ी निवासी अतुल मोने (52) और सुभाष रोड निवासी संजय लेले (44) की भी मौत हो गई। डोंबिवली में रहने वाले परिवार के मुखिया जोशी, लेले और मोने दो दिन पहले अपनी पत्नियों और बच्चों के साथ पर्यटन के लिए कश्मीर गए थे। आतंकी हमले में हेमंत जोशी, संजय लेले और अतुल मोने पर आतंकियों ने हमला किया था। डोंबिवली पश्चिम में रहने वाले इन तीनों लोगों की मौत हो गई। तीनों परिवारों के रिश्तेदार डोंबिवली से कश्मीर के लिए रवाना हो गए हैं। संजय/संतोष झा- २३ अप्रैल/२०२५/ईएमएस