- सेंसेक्स 300 अंक चढ़ा; निफ्टी 24,100 के पार मुंबई (ईएमएस)। एशियाई बाजारों से पॉजिटिव संकेत की वजह से सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 50 तेजी के साथ खुले। इंडेक्स में भारी भरकम वजन रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एन्ड महिंद्रा जैसे शेयरों बाजार को ऊपर खींचा। इस बीच, ट्रंप टैरिफ़ को लेकर अनिश्चितता, भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति और चौथी तिमाही के नतीजे आज बाजार की दिशा को तय करेंगे। अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी ग्रीन एनर्जी और टीवीएस मोटर जैसी बड़ी कंपनियां आज मार्च तिमाही के नतीजे जारी करेंगी। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 100 से ज्यादा अंक चढ़कर 79,343.63 पर खुला। खुलते ही इसमें तेजी देखी गई। सुबह शुरुआत में सेंसेक्स 327.74 अंक चढ़कर 79,540.27 पर था। इसी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी मजबूती के साथ 24,152.20 अंक पर खुला। सुबह यह 77.70 अंक की बढ़त लेकर 24,117.05 पर कारोबार कर रहा था। शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। पंपोर (पहलगाम ) आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते निवेशकों ने मुनाफावसूली की। सेंसेक्स 588.90 अंक टूटकर 79,212.53 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 में 207.35 अंकों की गिरावट आई और यह 24,039.35 पर बंद हुआ। पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ी भू-राजनीतिक चिंताओं ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया। एशियाई बाजारों में तेजी: एशियाई बाजारों में सोमवार को तेजी देखी गई। एमएससीआई एशिया पैसिफिक इंडेक्स (जापान को छोड़कर) 0.1 फीसदी बढ़ा। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 0.82 फीसदी और टॉपिक्स 1.11 फीसदी चढ़ा। साउथ कोरिया का कोस्पी 0.32 फीसदी बढ़ा। निवेशक चीन से संभावित आर्थिक प्रोत्साहन उपायों और अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता के घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं। अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद: अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए। अमेरिका-चीन व्यापार विवाद में नरमी के संकेतों से निवेशकों में भरोसा बढ़ा। डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 20.10 अंक की बढ़त के साथ 40,113.50 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 40.44 अंक चढ़कर 5,525.21 पर रहा। नैस्डैक कंपोजिट 216.90 अंक उछलकर 17,382.94 पर बंद हुआ। सतीश मोरे/28अप्रेल ---